
चंदौली। जिले में उपनिरीक्षक व समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा के पहले दिन 11 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा संपन्न हुई। पहली पाली में 3600 में से 2488 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1112 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 3600 में से 2606 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 994 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) व समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा शनिवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी रखी गई।

डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का जायजा लिया और परीक्षा कक्षों में पहुंचकर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड की जांच की।

अधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापक के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें और यदि किसी भी केंद्र पर अनियमितता या लापरवाही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। पहली पाली में कुल 3600 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिसमें 2488 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 1112 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 3600 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2606 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 994 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
पूरे जिले में परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाती रही। प्रशासन ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

