
चंदौली। जनपद में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची के अंतिम आलेख्य का प्रकाशन किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया, आंकड़ों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान संचालित किया गया। इसके अंतर्गत 4 नवंबर 2025 से 26 दिसंबर 2025 तक गणना अवधि में मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए और उनसे भरे हुए प्रपत्र प्राप्त किए गए। आयोग द्वारा 27 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि में ईआरओ नेट डाटा फ्रीज कर दिया गया था, उस समय जनपद में कुल 14,88,821 मतदाता पंजीकृत थे।

गणना के दौरान 2,30,086 मतदाताओं के प्रपत्र विभिन्न कारणों—जैसे मृत्यु, अनुपस्थिति, स्थायी स्थानांतरण, डुप्लीकेट अथवा अन्य कारणों से प्राप्त नहीं हुए। परिणामस्वरूप उनके नाम मतदाता सूची से विलोपित कर दिए गए। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को प्रारंभिक आलेख्य प्रकाशन में कुल 12,58,735 मतदाता दर्ज किए गए।

पुनरीक्षण के दौरान 1,56,069 ‘नो मैपिंग’ और 2,33,977 ‘लॉजिकल विसंगति’ वाले मामलों की पहचान की गई। इन मामलों की सुनवाई 6 जनवरी से 27 मार्च 2026 तक जनपद के 29 निर्धारित केंद्रों पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की गई। सुनवाई के दौरान 5,706 मतदाताओं द्वारा कोई साक्ष्य प्रस्तुत न करने के कारण उन्हें अपात्र घोषित कर सूची से हटाया गया।

आलेख्य प्रकाशन के बाद 6 जनवरी से 6 मार्च 2026 के बीच पुनरीक्षण अभियान में 70,399 नए मतदाताओं का पंजीकरण किया गया, जबकि कुल 8,244 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। इस प्रकार 10 अप्रैल 2026 को अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची में कुल 13,20,890 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 7,19,567 पुरुष, 6,01,294 महिला और 29 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद का जेंडर रेशियो भी बेहतर हुआ है। जहां 6 जनवरी 2026 को यह 829 था, वहीं अब बढ़कर 836 हो गया है। इसके अलावा युवा मतदाताओं (18 वर्ष आयु वर्ग) की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो 3,413 से बढ़कर 14,021 हो गई है। जनपद में कुल 1,691 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पुनरीक्षण अवधि के दौरान शिकायतों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ एप पर प्राप्त 6,668 शिकायतों/जिज्ञासाओं में से 6,512 का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल (NGSP) पर प्राप्त 524 शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्तरों से प्राप्त कुल 9 शिकायतों का भी समाधान कर रिपोर्ट प्रेषित की गई।
जिला संपर्क केंद्र (DCC) के टोल फ्री नंबर 05412-1950 पर प्राप्त 387 शिकायतों और सुझावों का भी समयबद्ध निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी मतदाता सूची का निरंतर पुनरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित प्रारूप-6 और आवश्यक घोषणा पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को भी पंजीकरण का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची को सभी मतदेय स्थलों पर एक सप्ताह तक जनसामान्य के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि नागरिक अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

