
- चंदौली। जनपद के बिशुनपुरा, कांटा स्थित डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल की सामाजिक एवं धर्मार्थ पहल के तहत संचालित निःशुल्क तीर्थयात्रा सेवा योजना के अंतर्गत शनिवार को वातानुकूलित ट्रैवेलर बस तेरहवीं बार अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। बस को विद्यालय परिसर से श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विधिवत विदा किया गया, जिससे पूरे वातावरण में आस्था और उत्साह का माहौल रहा।
LTP कैलकुलेटर के आविष्कारक और शेयर मार्केट तथा आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ डॉक्टर विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि सेवा और श्रद्धा के मार्ग में बाधाएं आना स्वाभाविक है, लेकिन उनका संकल्प इससे कहीं अधिक मजबूत है। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम की यह पावन यात्रा केवल तीर्थाटन नहीं, बल्कि समाज को संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास है, जिसे हर हाल में निरंतर जारी रखा जाएगा।
डॉ. तिवारी के निर्देशन में संचालित सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध इंटरमीडिएट स्तर तक के इस विद्यालय द्वारा निःशुल्क बस सेवा का मासिक संचालन किया जाता है। कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी, रामकवल तिवारी, सत्यप्रकाश तिवारी, गोविंद तिवारी, राहुल पांडेय (मनीष), शिवानंद पांडेय, चंद्रेश पांडेय, रोहित पांडेय, अश्विनी चौबे, अमित कुमार, सोनल पांडेय, कमलाकांत पांडेय, लोकनाथ तिवारी, बैकुण्ठ तिवारी, कंचन देवी, बबिता देवी, अभिलाषा, बैकुण्ठ उपाध्याय, भोला पाल, बीरबल सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर यहां उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों, अनुशासन और सुविधाओं की सराहना की। उल्लेखनीय है कि यह निःशुल्क सेवा पूर्व में अयोध्या के अलावा मथुरा तक भी संचालित हो चुकी है। भविष्य में खजुराहो, मैहर देवी धाम (सतना) सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी यात्राएं प्रस्तावित हैं।

