
चंदौली। मुगलसराय में आपराधिक घटनाओं का दौर जारी है। नगर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले रेलवे स्टेशन गेट के सामने जीटी रोड स्थित काली मंदिर के पास सवा लाख रुपये की उचक्कागिरी की घटना हुई। उचक्का रुपयों से भरा बैग लेकर आराम से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
पीड़ित विश्वास जायसवाल की मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सामने काली मंदिर के पास कटे-फटे नोट बदलने की दुकान है। वे सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे थे। दुकान के काउंटर के पास रुपये से भरा बैग रखकर काउंटर खोलने में व्यस्त हो गए। उसी दौरान लाल रंग की हुडी पहने एक नाबालिग उचक्का मौके पर आया और मौका पाकर बैग उठाकर आराम से वहां से निकल गया।
कुछ देर बाद जब व्यापारी की नजर काउंटर पर पड़ी तो बैग गायब था। घटना की जानकारी होते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और आसपास उचक्के की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि काली मंदिर से कस्बा चौकी तक पुलिस पिकेट हटाए जाने के बाद से इस इलाके में चोरी, उचक्कागिरी और मारपीट की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। अवांछनीय तत्वों में पुलिस का भय खत्म हो चुका है, जिसका सीधा असर कानून व्यवस्था पर पड़ रहा है।
काली मंदिर के समीप ही दवा कारोबारी रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश घटना को अंजाम देकर पैदल ही मौके से फरार हो गई। साजिशकर्ता को पकड़ में आ गए, लेकिन पुलिस अभी तक शूटरों को पकड़ नहीं सकी है। लगातार हो रही घटनाओं के चलते पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

