
चंदौली। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी चंदौली को सौंपकर विरोध दर्ज कराया। आरोप लगाया कि बीजेपी तानाशाही कर रही है और देश से लोकतंत्र को समाप्त करने पर आमादा है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 11 जनवरी को वाराणसी में SIR, कथित वोट चोरी और मनरेगा को समाप्त किए जाने के विरोध में NSUI कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान भाजपा के इशारे पर पुलिस द्वारा न केवल NSUI कार्यकर्ताओं, बल्कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के साथ भी बर्बरता पूर्ण व्यवहार किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ और घोर निंदनीय है।
अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि यहीं तक सीमित न रहते हुए पुलिस ने NSUI के नेताओं और पदाधिकारियों के घरों पर जाकर उनके परिवारजनों, महिलाओं और बच्चों तक को परेशान किया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से सत्ता के दुरुपयोग और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी इस तरह के पुलिसिया उत्पीड़न का कड़ा विरोध करती है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही पर उतर चुकी है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पुलिस और लाठी के सहारे जन आंदोलनों को कुचलना चाहती है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है और आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी देशवासियों के साथ मिलकर इस तानाशाही सोच को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
इस दौरान बृजेश गुप्ता, मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, गंगा प्रसाद, हीरा लाल शर्मा, तौफिक खान, सतीश बिंद, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, मुनीर खान, भवानीशरण सिंह, राहुल, राममूरत गुप्ता, शाहिद तौसीफ, राधेश्याम यदुवंशी, परमहंस सिंह राजपूत, शिवेंद्र मिश्रा, गुलाब राम, हम्मीर शाह, नेहाल अख्तर, बाबू, दीनदयाल विश्वकर्मा, अखिलेश्वर पाठक, अखिलेश पाण्डेय, अनिल श्रीवास्तव, राकेश पाठक, राकेश सिंह, संतोष चौबे, योगेंद्र सिंह, असद इकबाल और किरण श्रीवास्तव शामिल रहे।

