
चंदौली। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान 30 प्रार्थना पत्र आए। इसमें मात्र 3 का ही मौके पर निस्ताऱण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्हें दोबारा चक्कर न काटना पड़े।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 30 प्रार्थना पत्रों में 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 2 मामलों में पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने के लिए भेजा गया। शेष प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास कार्य, सिंचाई, विद्युत तथा पुलिस विभाग से संबंधित थीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में आए प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसका निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को भी प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारियों को तीन से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने तथा तीन वर्ष से अधिक पुराने प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, एआर कॉपरेटिव, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चंदौली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

