
चंदौली। सदर कोतवाली में तैनात एक महिला सिपाही के साथ ड्यूटी के दौरान बदसलूकी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद आरोपी आरक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वैसे विभागीय लोग इस संवेदनशील मामले को दबाने में जी जान से जुटे रहे।
बताया जा रहा है कि महिला आरक्षी चंदौली कोतवाली में तैनात है और उसकी ड्यूटी मिशन शक्ति केन्द्र पर लगी थी। घटना के समय वह थाने में मौजूद थी। अपने छोटे बच्चे को दूध पिलाने के लिए वह सीसीटीएनएस कक्ष में गई थी।
आरोप है कि क्वार्टर गार्ड ड्यूटी से मुक्त होने के बाद आरक्षी अमित कुमार सिंह देर रात 2 बजे अचानक कमरे में पहुंच गया और महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि आरक्षी महिला सिपाही की चादर खींच रहा था। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला।
मामले को दबाने की कोशिश भी की गई। प्रयास किया गया कि यह मामला थाने तक ही सीमित रहे और बाहर न जाए। हालांकि, महिला सिपाही ने हार नहीं मानी और अपनी शिकायत लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुंच गई।
महिला की लिखित शिकायत के आधार पर एसपी के निर्देश पर आरोपी आरक्षी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

