
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के कैथी भगवानपुर पोस्ट समूदपुर में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर से दबकर मौत हो गई। घटना रात करीब 8:30 बजे मोलनापुर के समीप उस समय हुई, जब युवक धान की नपाई कर लौट रहा था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक आनंद यादव उर्फ मोलू, पुत्र राजेश यादव, अपने घर पर काम कर रहा था। इसी दौरान बलुआ क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी सुद्दू यादव, पुत्र मेवा यादव, ने उसे धान की नपाई के लिए हरधन जुड़ा चलने को कहा। आनंद ट्रैक्टर मालिक के साथ काम के लिए चला गया। दिनभर काम करने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी मोलनापुर के पास ट्रैक्टर से दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी ट्रैक्टर मालिक द्वारा रात करीब 11 बजे आनंद के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आनंद दो भाइयों में सबसे बड़ा था और खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन बदहवास हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि आनंद मेहनती युवक था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। सूचना मिलने पर बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

