
चंदौली। युवा कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु की गिरफ्तारी और जमानत पर रोक लगाए जाने के विरोध में इस वर्ष होली का पर्व न मनाने का निर्णय लिया है। जिलाध्यक्ष माधवेंद्र मूर्ति ओझा ने जारी बयान में कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से किए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद कार्यकर्ताओं के साथ कठोर कार्रवाई की जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एआईसीसी मुख्यालय में गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब तक पुलिस रिमांड से रिहा नहीं किया गया है। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को देर रात जमानत मिलने के बावजूद उसे स्थगित कर दिया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
युवा कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रहार बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सभी जिलों सहित चंदौली में भी कार्यकर्ता इस बार होली नहीं मनाएंगे। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो चंदौली में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है और संगठन अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

