
चंदौली। चकिया थाना अंतर्गत रामपुर खोचवा गांव में रविवार रात एक 27 वर्षीय युवक की फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई है। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
अजीत कुमार ने रविवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वे आनन-फानन में उसे चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद अजीत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मौके से जुड़ी जानकारी एकत्र की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अजीत द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिजनों के अनुसार, अजीत कुमार का स्वभाव सामान्य था। उसके अचानक इस तरह के निर्णय से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में जैसे ही यह खबर फैली, शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
इस संबंध में चकिया इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

