
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के हनुमानपुर हरिजन बस्ती में उस समय सनसनी फैल गई, जब युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की जांच में जुट गई। शव से दुर्गंध आ रही थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही कि युवक ने दो दिन पहले ही खुदकुशी कर ली थी। दुर्गंध आने के बाद लोगों को घटना की जानकारी हुई।
मुगलसराय के हनुमानपुर हरिजन बस्ती निवासी अरविंद कुमार (35 वर्ष) का पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी 8-9 माह से मायके में रह रही थी। अरविंद इस समय घर में अकेला ही रह रहा था। रविवार को घर से दुर्गंध आने पर लोगों को शक हुआ। भतीजे जितेंद्र कुमार और अमरजीत ने कमरे का दरबाजा तोड़कर अंदर देखा तो युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरविंद पत्नी से विवाद के बाद पिछले कुछ दिनों से परेशान रह रहा था। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।

