
चंदौली। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने देवी दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि विधान से पूजा अर्चना की। घर-घर कलश की स्थापना के साथ नव दिवसीय नवरात्र का पर्व आरंभ हुआ। मंदिरों में घंटा घड़ियाल की आवाज से वातावरण भक्ति में हो गया।
मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना के लिए भोर से ही मंदिरों के कपाट खोल दिए गए थे। सूरज की किरणों के धरती पर आने तक श्रद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर पट गया। ज्यों ज्यों दिन चढ़ता गया श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती ही चली गई। जिला मुख्यालय स्थित सकलडीहा रोड पुरानी बाजार चंदौली कोट स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। वहीं ग्रामीण इलाकों में भी नवरात्र की धूम मची रही। भजन कीर्तन से वातावरण भक्ति में रहा। देर शाम तक लोग मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना में जुटे रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्दे नजर पुलिस चक्रमण करती रही।

