ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: संचारी रोग नियंत्रण में सहभागी बनेंगे ग्राम प्रधान, डीपीआरओ ने जारी की गाइडलाइन

चंदौली। संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में ग्राम प्रधानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने पत्र जारी कर जनपद के सभी ग्राम प्रधानों, निगरानी समिति के अध्यक्षों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूरी सक्रियता से सफल बनाया जाए।

 

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अप्रैल माह संचारी रोगों के फैलने के लिए अनुकूल होता है, ऐसे में ग्राम प्रधानों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता और जागरूकता अभियान को प्राथमिकता देनी होगी। निर्देशानुसार ग्राम पंचायत के सभी सार्वजनिक स्थानों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और नालियों की नियमित तलीझाड़ सफाई सुनिश्चित करानी होगी। साथ ही निकाले गए कचरे का समयबद्ध निस्तारण भी अनिवार्य किया गया है।

 

ग्राम प्रधानों को यह भी जिम्मेदारी दी गई है कि वे ग्रामीणों को शौचालय के उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि खुले में गंदगी न फैले। इसके अलावा कूड़े के स्थायी निस्तारण के लिए कूड़ेदान या प्लास्टिक बैंक की व्यवस्था कराने तथा कूड़ा वाहनों के माध्यम से सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

तालाबों की सफाई और उनमें मच्छरों के लार्वा की रोकथाम के लिए गम्बूजिया मछलियों का प्रयोग कराने पर भी जोर दिया गया है। मच्छरों से बचाव के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग मशीन से नियमित फॉगिंग कराना भी ग्राम प्रधानों की जिम्मेदारी तय की गई है।

 

इसके अलावा प्रत्येक रविवार को घरों में कूलर, फ्रिज, गमलों और अन्य स्थानों पर जमा पानी को खाली कराने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी कार्यों की फोटो और वीडियो ग्रुप पर साझा करना भी अनिवार्य किया गया है।

 

जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इन कार्यों पर होने वाला खर्च 15वें वित्त आयोग की धनराशि से किया जा सकता है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की है कि वे अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपने गांव को संचारी रोगों से मुक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!