
चंदौली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के माध्यम से चकिया थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। इनके कब्जे से 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
घटना 31 मार्च की शाम करीब 6 बजे की है। वादी शकील अहमद अपने परिचितों से मिलकर ग्राम बैरा से लौट रहे थे। बैरा पहाड़ी के पास चार अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर उन्हें नीचे गिरा दिया और मारपीट की। आरोपियों ने उनकी जेब से 28,720 रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देकर उनसे 1,359 रुपये Google Pay के जरिए ट्रांसफर भी करवा लिए।
इस मामले में थाना चकिया में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त शिवा यादव ग्राम दिरेहू का निवासी है। वहीं, पकड़े गए तीनों बाल अपचारियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है, जिनमें पूर्व में भी मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश यादव, भगत सिंह चौहान, कांस्टेबल अनिल सिंह और रिजवान अली शामिल रहे। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

