ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने बाल संरक्षण, वन स्टॉप सेंटर और वृद्धाश्रम की व्यवस्थाएं देखी, दिए सख्त निर्देश

चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न विभागों और संस्थानों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष ने सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सदर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति और व्यवहार का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि डॉक्टर और कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। मरीजों को समय पर सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता किसी भी स्थिति में बाधित न हों।

इसके बाद उन्होंने राजकीय बाल गृह तथा दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण किया। यहां उपाध्यक्ष ने बच्चों का कुशलक्षेम जाना, उनसे बातचीत की और उनकी जरूरतों को समझा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दत्तक इकाई में 15 शिशु रह रहे हैं और सभी का स्वास्थ्य सामान्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोद लिए जाने की कानूनी प्रक्रिया शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए। लीगल फ्री होने के बाद शिशुओं को गोद दिलाने की कार्यवाही में किसी भी प्रकार की देरी न हो। रिकॉर्ड और रजिस्टरों का अद्यतन रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए।

महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सखी वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं, परामर्श सेवाओं, चिकित्सा सहायता, अस्थायी आवास और सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। उन्होंने रजिस्टरों, अभिलेखों और किचन की गुणवत्ता की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। भोजन, आवास और स्वच्छता की गुणवत्ता सर्वोत्तम स्तर पर बनी रहे। किसी भी पीड़िता को सहायता प्राप्त करने में कठिनाई न हो।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष वृद्धाश्रम भी पहुँचीं। यहाँ उन्होंने वृद्धजनों की स्वास्थ्य सुविधाओं, रहने की व्यवस्था, पोषण, पानी, स्वच्छता और अन्य सेवाओं का बारीकी से परीक्षण किया। कुछ कमियों के पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वृद्धजनों से सीधे वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया।

जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उपाध्यक्ष ने कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, महिला स्वयं सहायता समूह, और वन स्टॉप सेंटर जैसी प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत हैं तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित संबंधित कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button