ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : लतीफशाह में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूबे, मचा कोहराम

पुलिस व गोताखोरों की तलाश जारी

चंदौली। चकिया क्षेत्र के लतीफशाह पर्यटन स्थल पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सकलडीहा थाना क्षेत्र के अलाऊगल्ली कस्बा निवासी समीर (19) पुत्र कमालुद्दीन एवं ऐखलाक़ (16) पुत्र साबिर अली अपने साथियों के साथ लतीफशाह घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि दोनों झाड़ी के रास्ते मजार की ओर से पानी में उतरकर नहाने चले गए, तभी अचानक गहरे पानी में चले जाने से लापता हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे हुए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है, जो लगातार दोनों किशोरों की तलाश में जुटी हुई है।

 

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि पर्यटन स्थलों पर सतर्कता बरतें और खतरनाक स्थानों पर जाने से बचें।

Back to top button
error: Content is protected !!