ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : न्यायालय और बंदी सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों को दी गई ट्रेनिंग, बंदियों के साथ नहीं लगाए जाएंगे सिगरेट पीने वाले पुलिसकर्मी

चंदौली। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में न्यायालय सुरक्षा एवं बंदी सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) दिगंबर कुशवाहा ने की, जबकि प्रशिक्षण का संचालन क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार ने किया। इसमें पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था के बाबत टिप्स दिए गए।

 

पुलिसकर्मियों को न्यायालय एवं बंदी सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस महानिदेशक द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखने तथा प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सख्त निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही न्यायालय परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु को तुरंत जांच के लिए रोका जाए। पुलिसकर्मियों को सतर्कता, सावधानी और पेशेवर व्यवहार अपनाने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया गया।

 

बंदी सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश:
प्रतिसार निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि बंदी सुरक्षा में लगे सभी पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन ड्यूटी से पूर्व ब्रीफ किया जाए। बंदी परिवहन हेतु प्रयुक्त वाहनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस जैसे उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। बंदियों को किसी भी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति से मिलने की अनुमति न दी जाए तथा उन्हें दी जाने वाली खाद्य वस्तुओं की जांच अनिवार्य रूप से की जाए।

 

साथ ही यह भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बंदी सुरक्षा ड्यूटी में किसी भी धूम्रपान करने वाले पुलिसकर्मी की तैनाती न की जाए। बंदियों को पेशी के दौरान मानक के अनुसार हथकड़ी और शस्त्र लेकर ले जाया जाए, साथ ही उनके साथ मानवीय व्यवहार बनाए रखा जाए।

 

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य न्यायालयों और बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा पुलिसकर्मियों में सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।

 

Back to top button