
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव में रविवार देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित रमेश यादव के घर पीछे की ओर सीढ़ी लगाकर घुसे चोरों ने सुनियोजित तरीके से पूरे मकान को खंगाल डाला।
परिजनों के अनुसार, वारदात के समय घर के सदस्य एक कमरे में सो रहे थे। चोरों ने बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद उन्होंने आराम से घर के अन्य कमरों को खंगाल डाला। अलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर करीब 10 सेट सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद पार कर दिए।
घरवालों का कहना है कि चोरी गए गहनों की कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी जा रही है। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह बाहर निकलने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली मिलीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना के बाद सैयदराजा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं घटना की जांच में जुटी रही।

