
चंदौली। रेलवे कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल और गेल गैस लिमिटेड के बीच बुधवार को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति को लेकर एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल के तहत रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा।
इस योजना के पहले चरण में पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर स्थित लगभग 4000 रेलवे आवासों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही रेलवे के रनिंग रूम में भी इस सुविधा को लागू किया जाएगा, जिससे ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इतना ही नहीं, डीडीयू जंक्शन पर कार्यरत वेंडरों और रेलवे वर्कशॉप में भी पाइप्ड गैस की आपूर्ति की जाएगी, जिससे उनके कार्य में दक्षता और सुरक्षा दोनों में वृद्धि होगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल रेलवे कॉलोनियों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पीएनजी के उपयोग से न केवल रसोई गैस की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि यह पारंपरिक एलपीजी सिलेंडर की तुलना में अधिक सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल भी है। इससे गैस सिलेंडर के भंडारण और परिवहन से जुड़ी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
विशेष बात यह है कि रेलवे कर्मचारियों को पीएनजी कनेक्शन के लिए किसी प्रकार का रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं देना होगा, जिससे इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा। गेल गैस के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का पहला चरण जून माह के दूसरे सप्ताह तक शुरू होने की संभावना है।
समझौता मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की उपस्थिति में हुआ। इस मौके पर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) सूरज कुमार और मंडल अभियंता (मुख्यालय) अजय कुमार शामिल थे। वहीं, गेल गैस लिमिटेड की ओर से डिप्टी जनरल मैनेजर एवं ऑफिसर इंचार्ज रणधीर कुमार मिश्रा, चीफ मैनेजर अजय सेठी तथा सीनियर मैनेजर श्रीकांत राउत भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

