
चंदौली। मुगलसराय में उचक्कागिरी का मामला सामने आया है। दो युवकों ने महिला के ऊपर नशीला पदार्थ छिड़ककर भ्रमित कर दिया। इसके बाद कान का आभूषण और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने की बजाय टालमटोल कर रही है।
मुगलसराय के सुभाष नगर निवासी सुरेश यादव की पत्नी मुन्नी देवी 24 अक्टूबर को सब्जीमंडी गई थीं। वहां आर्य समाज मंदिर के पास उन्हें दो युवक मिले। एक युवक ने उनके पास आकर कहा कि उसे लखनऊ जाना है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं है। उसने मुन्नी देवी से पैसे मांगे। जब तक वह कुछ समझ पातीं, तब तक उसका साथी उनके ऊपर नशीला पदार्थ छिड़कर भ्रमित कर दिया।
इसके बाद दोनों उन्हें गल्ला मंडी ले गया और उनके कान का आभूषण निकलवा लिया। उसके बाद खोया मंडी ले गया और वहां गले का मंगलसूत्र निकलवा लिया। जब तक मुन्नी देवी को कुछ समझ आता तब तक आरोपी फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
मुगलसराय में यह कोई इकलौता मामला नहीं है, बल्कि जिले में उचक्कागिरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। खासतौर से कम पढ़ी-लिखी घरेलू महिलाओं को उचक्के निशाना बना रहे हैं। हाल के कुछ दिनों में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आईं। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

