
चंदौली। किसान दिवस का आयोजन बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग की अध्यक्षता में हुई। इसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। किसानों ने धान खरीद में अनियमितता का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनें और मौके पर जाकर उनका निस्तारण किया जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों ने चंद्रप्रभा डैम से पानी गिराए जाने का मुद्दा उठाया। किसानों का कहना था कि पानी कम होने से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इस पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि डैम में मरम्मत कार्य के चलते सीमित मात्रा में ही पानी निकाला जा रहा है और आगामी फसल के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध रहेगा। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सिंचाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
किसानों ने बेलन नदी पर स्थित बंजारिया, मझगाई और जनकपुर के कुलावों की मरम्मत की मांग भी रखी। साथ ही जनपद की सभी नहरों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और नहरों में गंदा पानी व मलबा गिरने पर तत्काल रोक लगाने की बात कही। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
किसानों ने धान खरीद में अनियमितता पर कार्रवाई के साथ ही धान और गेहूं खरीद के समय कंट्रोल रूम स्थापित करने की भी मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रूख अपनाया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान किसानों को पहले से सूचित करें, उनसे संवाद करें और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करें। उन्होंने कहा कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, कृषि अधिकारी, डिप्टी आरएमओ, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी तथा विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

