ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : अतिक्रमणकारियों पर होगा कड़ा एक्शन, एसपी ने व्यापारियों संग की मीटिंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर की चर्चा

चंदौली। जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था, सुगम यातायात और व्यापारिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को थाना मुगलसराय परिसर में स्थानीय व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान अतिक्रमण, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसपी ने सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

बैठक में एसपी ने अतिक्रमण के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी दुकानदार अपनी दुकानों का सामान और काउंटर सड़क किनारे खींची गई ‘लक्ष्मण रेखा’ (सफेद लाइन) के भीतर ही रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर फैलाया गया सामान न केवल यातायात में बाधा बनता है, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाया जाए। उन्होंने कहा कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय जरूरी है। व्यापारिक सुरक्षा के मुद्दे पर आकाश पटेल ने पुलिस टीम को गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

 

एसपी ने बैठक में मौजूद व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शहर को व्यवस्थित रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग के बिना किसी भी अभियान को सफल बनाना संभव नहीं है। बैठक में एएसपी अनन्त चन्द्रशेखर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!