
चंदौली। सांसद वीरेंद्र सिंह ने भारत सरकार के रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह को पत्र देकर तुलसी आश्रम पर ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। सांसद ने 63229, 63230 अप व डाउन पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव के लिए पत्र लिखा है।
सांसद ने कहा कि चंदौली आकांक्षी जनपद के रूप में घोषित किया गया है। परिणामस्वरूप जनपद में आधारभूत संरचनाओं के विकास की अत्यंत आवश्यकता है। यह क्षेत्र मुख्यतः ग्रामीण परिवेश वाला है तथा यहा परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। विशेष रूप से तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशन सहित आस-पास के क्षेत्रों में सरकारी सड़क परिवहन अथवा बस सेवा का कोई सुगम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसके कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थी वर्ग, मरीजों तथा दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में जनहित के मद्देनज़र 63229 व 63230 अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन का तुलसी आश्रम स्टेशन पर ठहराव किया जाना अत्यंत आवश्यक है। यदि उपरोक्त ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित किया जाता है, तो क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सुगम व सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी तथा सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

