
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के पंचफेडवा गांव के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने आगे चल रही ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीछे ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पुलिस और एनएचएआई की टीम पहुंची और करीब एक घंटे के रेस्क्यू के बाद चालक को बाहर निकाला।
घायल चालक की पहचान राजस्थान निवासी राशिद खान के रूप में हुई, जो बिहार से लोहे की मशीन लादकर वाराणसी जा रहा था। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

