
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा-अलीनगर मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद बुलेट सवार वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस बुलेट को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
चकरिया गांव निवासी अमित सिंह (36 वर्ष) और सम्राट सिंह (41 वर्ष) रात में अपने गांव से कुछमन बाजार पैदल ही सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान सकलडीहा की ओर से अलीनगर की तरफ आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आई। सम्राट सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमित सिंह को मृत घोषित कर दिया। सम्राट सिंह की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद बुलेट सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। बुलेट पर वाराणसी का पंजीकरण नंबर अंकित बताया गया है।

