
चंदौली। जुआ प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही सामने आने पर जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए कर्मियों में हेड कांस्टेबल अतुल सिंह और कांस्टेबल विजय कुशवाहा शामिल हैं।
जुआ कांड के खुलासे के बाद ही चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया था। साथ ही मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह को भी लाइन हाजिर किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने चौकी प्रभारी की भूमिका की विस्तृत जांच के आदेश दिए थे।
जांच में जलीलपुर चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आई। ड्यूटी के प्रति उदासीनता और लापरवाही पर एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान नकदी, ताश के पत्ते, बाइकें आदि बरामद की गई थीं। पुलिस जुआ सिंडिकेट के सरगना देवता प्रधान के खिलाफ शिकंजा कसने में जुटी है।

