
चंदौली। जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर बड़ा हादसा हो गया, जब ढलाई के दौरान अचानक स्लैब भरभराकर गिर पड़ा। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के बनौली खुर्द गांव के पास हावड़ा–गया रेल मार्ग पर हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक मजदूर घायल हो गया, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान अचानक स्लैब धंस गया, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा कई लोगों की जान जा सकती थी। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि मौके पर कोई जिम्मेदार इंजीनियर मौजूद नहीं था, जिससे लापरवाही और स्पष्ट नजर आती है।
हादसे के बाद ठेकेदार और निर्माण से जुड़े जिम्मेदार लोग मौके से फरार हो गए, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने इस घटना को भ्रष्टाचार का परिणाम बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एएसपी ने एक मजदूर के घायल होने की पुष्टि की है और कहा है कि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

