
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की शाम विवाहिता को घर में अकेली पाकर शिक्षक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अरूण मौर्या धानापुर ब्लॉक के वर्दीसाड़ा विद्यालय पर सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है।
विवाहिता का पति मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। गुरुवार को भी वह काम करने गया था। घर में विवाहिता अकेले थी। उसी दौरान समीप के गांव का रहने वाला अरूण मौर्या घर में घुस गया। उसने महिला के साथ जोर-जबर्दस्ती शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो कपड़े फाड़ दिए। यह देख महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस उसकी जेठान मौके पर पहुंची। उनके आने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
शाम को पति के घर आने पर महिला ने आपबीती सुनाई। पति उसे लेकर बलुआ थाना पहुंचा और तहरीर देकर पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बलुआ थाने के इंस्पेक्टर आशीष मिश्रा ने बताया कि “पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।