ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में स्कूल चलो और दस्तक अभियान का हुआ शुभारंभ, डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, दिलाई शपथ

चंदौली। जनपद में स्वास्थ्य और शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान तथा स्कूल चलो अभियान का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

 

कार्यक्रम से पूर्व आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता और सतर्कता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी समाज की मजबूत नींव हैं और दोनों अभियानों का उद्देश्य आमजन को इन मूलभूत अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से चंदौली जनपद ने संचारी रोग नियंत्रण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विभिन्न विभागों के समन्वय और प्रशासनिक नेतृत्व को दिया तथा सभी विभागों से इन अभियानों को मिलकर सफल बनाने का आह्वान किया।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी ब्लॉकों के संवेदनशील गांवों में ग्राम प्रधानों के माध्यम से एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, गांवों में सफाई कर्मियों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने और कहीं भी जल जमाव न होने देने के निर्देश दिए गए, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना समाप्त हो सके। नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों को भी नालियों में एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य और शिक्षा अभियानों को एकीकृत करते हुए जिलाधिकारी ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संचारी रोगों की जानकारी जुटाने के साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यदि कोई बच्चा स्कूल नहीं जा रहा है, तो उसकी सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग तक पहुंचाई जाए।

 

इस दौरान नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत परिषदीय विद्यालयों के छात्रों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं। साथ ही राष्ट्रीय आविष्कार प्रतियोगिता में चयनित छात्रों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में डीआईओएस देवेंद्र सिंह, बीएसए सचिन कुमार, डीपीओ आईसीडीएस राजकपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!