
संवाददाता – बाबू चौहान
चंदौली। ग्रामीण क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से स्वर्गीय जयप्रकाश मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित ग्रामीण प्रतिभा खोज परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में रविवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शहाबगंज क्षेत्र के सवैया महलवार स्थित सर्वधर्म काशीनाथ उच्चस्तरीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 54 मेधावियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किया गया।
ग्रामीण प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन 16 नवंबर 2025 को कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए किया गया था। परीक्षा में ग्रामीण अंचल के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 54 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया, जिन्हें पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त एडिशनल डायरेक्टर डॉ. कमल कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और मंच देने की है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ओम तिवारी को ₹12,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कक्षा 9 में प्रथम स्थान हासिल करने वाले अंश तिवारी को टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह कक्षा 6 में कृतिज्ञा सिंह, कक्षा 7 में लकी पाल और कक्षा 8 में प्रत्यक्ष मौर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन विद्यार्थियों को रेंजर साइकिल भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह के अंत में स्व. जयप्रकाश मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रेमचंद कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को और अधिक व्यापक और प्रभावी रूप देने का संकल्प दोहराया तथा सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

