ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : होली से पहले डीडीयू स्टेशन पर पकड़ाए 16.25 लाख रुपये, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, आयकर विभाग की टीम कर रही जांच  

चंदौली। आगामी होली त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार की शाम डीडीयू स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। इस दौरान स्टेशन से 16.25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

 

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में आरपीएफ, जीआरपी एवं सीआईबी की टीम स्टेशन परिसर में जांच कर रही थी। शाम करीब 6 बजे पैदल गामी पुल पर एक व्यक्ति लाल रंग का छोटा बैग लटकाए तेज कदमों से जाता हुआ दिखाई दिया। संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।

 

पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम सोनू कुमार सोनी (37 वर्ष), पुत्र बनारसी प्रसाद सोनी, निवासी पानी टंकी धनटोलिया मोहल्ला, वार्ड संख्या 26, थाना डेहरी ऑन सोन, जिला रोहतास (बिहार) बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नकदी मिली। मौके पर पूछे जाने पर वह नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उक्त व्यक्ति और बरामद नकदी को आरपीएफ पोस्ट डीडीयू लाया गया, जहां गिनती करने पर कुल ₹16,25,000 (सोलह लाख पच्चीस हजार रुपये) बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह यह रकम वाराणसी से डेहरी ऑन सोन ले जा रहा था।

 

मामला आयकर विभाग से संबंधित होने की आशंका पर तत्काल वाराणसी आयकर विभाग को सूचित किया गया। आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति सहित बरामद नकदी को अपने कब्जे में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। चेकिंग अभियान में आरपीएफ की ओर से उप निरीक्षक अर्चना मीणा, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल, बृजेश कुमार सिंह, सीआईबी से अवधेश प्रताप तथा जीआरपी के उप निरीक्षक संदीप शर्मा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे। त्योहार को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच आगे भी जारी रहेगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!