चंदौली। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर चंदौली में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इस दौरान खासतौर से पड़ाव से राजघाट की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रूट डायवर्जन 15 फरवरी की रात 2 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगा। पुलिस ने लोगों से रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
इन मार्गों पर लागू रहेगा डायवर्जन
चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद तिराहा) डायवर्जन- किसी भी प्रकार के आटो/टोटो /भारी वाहन/मालवाहक वाहन/चार पहिया आदि वाहन चकिया तिराहे से कस्बा मुगलसराय होते हुए पड़ाव तक नहीं जाएंगे। वाराणसी जाने वाले वाहन गोधना मोड़ से हाईवे के रास्ते रामनगर होते हुए अथवा रिंग रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
पड़ाव चौराहा डायवर्जन- किसी भी प्रकार के भारी वाहन/मालवाहक वाहन पड़ाव चौराहे से राजघाट वाराणसी की तरफ नहीं जाएंगे। वाराणसी जाने वाले वाहन बहादुरपुर होते हुए रिंग रोड से अथवा रामनगर होतु हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
एफसीआई तिराहा डायवर्जन- सभी प्रकार के भारी वाहन /मालवाहक वाहन पड़ाव चौराहे के तरफ नहीं जाएंगे। वाराणसी जाने वाले वाहनों को एफसीआई तिराहे से व्यासनगर होते हुए शाहूपुरी रोड पर डायवर्ट किया जाएगा, जो पीएसी तिराहा से रामनगर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
कोयला मण्डी नो एंट्री- यातायात का दबाव बढ़ने पर कोयला मण्डी से ट्रको का आवागमन पड़ाव चौराहे की तरफ नहीं होगा।

