
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। छत की ढलाई के दौरान नीचे पर्याप्त सपोर्ट न होने के कारण पूरा स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में दबने से मकान मालिक हकीमुल्ला (50) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
हकीमुल्ला अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे। छत की ढलाई का काम चल रहा था, लेकिन नीचे से सहारा देने के लिए मजबूत बल्लियां या सपोर्ट नहीं लगाए गए थे। इसी दौरान ताजा डाली गई छत का पूरा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से हकीमुल्ला की मौत हो गई। वहीं अन्य को भी हल्की चोटें आईं।
घटना के बाद अफरातफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हकीमुल्ला अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।

