
चंदौली। डीडीयू मंडल में यात्रियों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को रेलवन ऐप (RailOne App) के प्रयोग हेतु एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल के प्रमुख स्टेशनों डीडीयू जंक्शन, गया, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड और रफीगंज – पर एक साथ आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में अलग-अलग स्थानों पर रेलवन ऐप से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई। यात्रियों की सुविधा के लिए वहां क्यूआर कोड (QR Code) भी लगाए गए, जिन्हें स्कैन कर यात्री सीधे अपने मोबाइल में ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।
वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए यात्रियों से सीधा संवाद किया और उन्हें रेलवन ऐप की विशेषताओं एवं उपयोग की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। यात्रियों को बताया गया कि यह ऐप एक ही मंच पर आरक्षित टिकट, अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग की सुविधा प्रदान करता है। साथ ही इसमें ट्रेन की लाइव लोकेशन, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजीशन, पार्सल ट्रैकिंग, भोजन बुकिंग तथा शिकायत/सुझाव दर्ज कराने जैसी कई सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
विशेष बात यह है कि रेलवन ऐप का उपयोग यात्री अपने पुराने RailConnect और UTS लॉगिन से भी कर सकते हैं। इससे पहले से ऐप उपयोग कर रहे यात्रियों को नया खाता बनाने की आवश्यकता नहीं होगी।
अभियान के दौरान यात्रियों ने इस पहल की सराहना की और इसे यात्रा को और अधिक सहज एवं आधुनिक बनाने वाला कदम बताया। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों को डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नवाचार कर रहा है और रेलवन ऐप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
डीडीयू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें और डिजिटल यात्रा का लाभ उठाएँ। रेलवन ऐप डाउनलोड करने के लिए स्टेशन परिसर में लगाए गए क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही इसे सीधे प्ले स्टोर और ऐप स्टोर से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
एंड्रॉयड लिंक: https://play.google.com/store/apps/details?id=org.cris.aikyam
आईओएस लिंक: https://apps.apple.com/in/app/railone/id6473384334