ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : बाकले ग्राउंड पर बैरिकेडिंग के विरोध में प्रदर्शन, डीआरएम की कार्यशैली पर उठे सवाल

चंदौली। पीडीडीयू नगर स्थित यूरोपीयन कॉलोनी के बाकले ग्राउंड को चारों ओर से बैरिकेड कर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के विरोध में गुरुवार सुबह नगरवासियों ने प्रदर्शन किया। मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे लोगों ने इस निर्णय पर नाराजगी जताते हुए डीआरएम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने कहा कि बाकले ग्राउंड नगरवासियों की “लाइफ लाइन” है। वर्षों से यह स्थान लोगों के लिए स्वच्छ वातावरण में टहलने और स्वास्थ्य लाभ लेने का एकमात्र प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि रोज सैकड़ों लोग यहां मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। ऐसे में अचानक बैरिकेडिंग कर प्रवेश रोक देना जनहित के विपरीत है।

 

संतोष कुमार पाठक ने इसे लोगों के मौलिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ हवा में टहलने और सार्वजनिक स्थल का उपयोग करने का अधिकार है, जिसे किसी भी प्रशासनिक आदेश से छीना नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोपीयन कॉलोनी में रहने वाले स्थानीय लोगों को इससे कोई आपत्ति नहीं है, फिर भी डीआरएम स्तर से इस तरह की कार्रवाई की गई है, जो तानाशाही रवैये को दर्शाती है।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगरवासियों को बाकले ग्राउंड में प्रवेश से रोका गया तो इसके विरोध में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यहां तक कि डीआरएम और उनकी गाड़ी को मुगलसराय बाजार में प्रवेश करने से रोकने का भी आह्वान किया गया। प्रदर्शन में राम लखन, अवधेश प्रसाद, रामसकल, महेंद्र चौहान, नवीन और शीतल सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से बैरिकेडिंग हटाकर आम लोगों के लिए ग्राउंड को पुनः खोलने की मांग की है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!