
चंदौली। पुलिस की सख्ती के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री-खरीद रुकने का नाम नहीं ले रही। इससे आएदिन हादसे हो रहे हैं। चाइनीज मांझा लोगों का नाक-कान और गला काट रहा है। धानापुर ब्लॉक क्षेत्र में चाइनीज मांझे से जुड़ा एक और गंभीर हादसा सामने आया है। खड़ान मोड़ के पास 11 वर्षीय विष्णु रस्तोगी चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया, जिससे उसके गले में गहरा कट लग गया। उसे आननफानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
धानापुर निवासी मनोज रस्तोगी का पुत्र विष्णु शाम के समय अपने घर से बाजार जा रहा था। तभी अचानक हवा में उड़ता चाइनीज मांझा उसके गले में फंस गया और उसकी गर्दन कट गई, जिससे लहुलूहान हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल विष्णु की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
विष्णु के पिता मनोज रस्तोगी ने बताया कि उनके बेटे ने गले में मफलर लपेट रखा था, जिससे चोट कम आई। उन्होंने कहा कि यदि मफलर न होता तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। समय पर टांके लगने से अत्यधिक रक्तस्राव पर भी काबू पा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने चाइनीज मांझे के खुलेआम इस्तेमाल पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से इसकी बिक्री और उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की।

