ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : पुलिस ने हाईवे पर ट्रक से पकड़ी 3800 लीटर अवैध शराब, प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर, होली पर एमपी से बिहार भेजी जा रही थी खेप  

चंदौली। होली पर मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया (वाराणसी जोन) एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में 12 चक्का ट्रक से 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तस्कर एमपी से शराब की खेप बिहार ले जा रहे थे।

बुधवार को प्रातः लगभग 3:50 बजे क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र मौर्य के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली चन्दौली पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक संख्या RJ11GB4050 में मध्य प्रदेश से अवैध शराब लादी गई है, जिसे ऊपर से सड़ी-गली प्याज की बोरियों से ढक दिया गया है। ट्रक इस समय आरटीओ कार्यालय के सामने पहुंच चुका है और बिहार ले जाया जा रहा है।

 

सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस टीम मझवार रेलवे स्टेशन के सामने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर वाहन का इंतजार करने लगी। कुछ ही देर में संदिग्ध ट्रक को रोक लिया गया। तलाशी के दौरान प्याज की बोरियों के नीचे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम मुबारक खां एवं चुन्ना निवासी सिलावटी थाना धौज, हरियाणा बताया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि शराब ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से लाकर बिहार के पटना में होली के दौरान बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी।

 

दोनों अभियुक्तों को आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के अंतर्गत गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने ट्रक सहित कुल 3807 लीटर अवैध शराब जब्त कर ली है। पुलिस टीम में सदर कोतवाल विजय बहादुर सिह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, रावेन्द्र सिंह, कन्हैया लाल मौर्य, स्वाट /सविलांस टीम के प्रभारी रामजनम यादव,उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार यादव, रुपेश दुबे, हेड कांस्टेबल संजीत साह, अरविन्द भारद्वाज स्वाट /सविलांस टीम, राणा प्रताप सिंह स्वाट /सविलांस टीम, रामानन्द यादव, प्रेमप्रकाश यादव, बीजेन्द्र कुमार सिंह शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!