
चंदौली। थाना सैयदराजा पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ट्रक से 407 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (कुल 3654.36 लीटर) बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर ट्रक में प्याज की बोरियो के नीचे शराब छिपाकर नासिक से बिहार ले जा रहा था। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने गिरफ्तारी और बरामदगी के बाबत जानकारी दी।
सैयदराजा पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम शनिवार को सूचना मिली कि तस्कर शराब की खेप लेकर बिहार जाने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस एक्टिव हो गई और NH-19 पर जेठमलपुर तिराहा के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे ट्रक संख्या MP33H3042 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर से प्याज की बोरियां लदी मिलीं, लेकिन गहराई से जांच करने पर उन्हीं बोरियों के बीच छिपाकर अवैध शराब की पेटियां रखी गई थीं।

पुलिस ने 180 ML की 24 पेटी – 207.36 लीटर, 375 ML की 202 पेटी – 1818 लीटर, 750 ML की 181 पेटी – 1629 लीटर कुल – 407 पेटी (3654.36 लीटर) शराब बरामद की। इस पर तस्कर हरिओम धाकड़ (38 वर्ष) पुत्र रामजी लाल धाकड़ निवासी ग्राम कोटा, थाना कोतवाली देहात, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तस्कर ने पूछताछ में बताया कि शराब को नासिक से बिहार के दरभंगा ले जा रहा था।
थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 91/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन हुमायूं, कांस्टेबल शंकर राम, चालक बिरेश यादव, स्वाट/सर्विलांस टीम निरीक्षक रामजनम यादव (प्रभारी स्वाट), उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा (प्रभारी सर्विलांस सेल), हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार यादव, राणा प्रताप सिंह, रामानन्द यादव, आशुतोष सिंह, आनन्द सिंह, प्रेमप्रकाश यादव, मन्टू सिंह, कांस्टेबल अजीत सिंह, नीरज कुमार मिश्रा, मनीष कुमार और संदीप कुमार आदि शामिल रहे।

