ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : पुलिस व स्वाट टीम ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, जाली नोट और उपकरण बरामद

चंदौली। जनपद पुलिस ने जाली नोटों की तस्करी और निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना अलीनगर क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस और स्वाट टीम ने मानस नगर स्थित एक मकान से एक अभियुक्त को पकड़ा। मौके से नकली नोट, नोट बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा। आरोपी नकली नोट को असली नोटों से बदलते थे। पुलिस उनसे पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही।

 

प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पाण्डेय तथा एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम आलमपुर अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मानसनगर गेट के पास एक मकान की पहली मंजिल पर जाली नोट छापे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कमरे में मौजूद व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया। मौके से 100 रुपये के 42 जाली नोट बरामद हुए। तलाशी के दौरान 31 शीट (प्रत्येक में 100 रुपये के चार नोट), 57 अर्धनिर्मित शीट, 100, 200 व 500 रुपये के वाटरमार्क शीट, प्लेन वाटरमार्क पेपर सहित भारी मात्रा में जाली नोट बनाने के उपकरण बरामद किए गए।

 

बरामद उपकरणों में प्रिंटर एप्सन एल 6490, एप्सन 3210, कैनन LBPB030B लेजर प्रिंटर, लैमिनेटर एक्सिलैम PL12, वुडेन बॉक्स (खड़ंजा), लाइट बॉक्स, 300 शीट जेके एक्सल बॉन्ड पेपर, 10 रोल बटर पेपर, वेगा हेयर ड्रायर तथा डेल कंपनी का लैपटॉप शामिल है, जिसमें 200 व 500 रुपये के नोटों के प्रोफार्मा भी मिले।

 

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त उधम सिंह यादव पुत्र नामेश्वर सिंह यादव निवासी महदेवा अमिलाई थाना बलुआ (उम्र लगभग 42 वर्ष) ने बताया कि उसने जाली नोट छापने की तकनीक YouTube और Google से सीखी थी। उसका संपर्क Instagram के माध्यम से एक व्यक्ति से हुआ, जिसने मुगलसराय निवासी एक बाल अपचारी को उपकरण उपलब्ध कराए। गिरोह 3500 रुपये के जाली नोट के बदले 1000 रुपये असली नोट लेता था।

 

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक अन्य बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया, जिसके पास से 100-100 रुपये के 13 जाली नोट (कुल 1300 रुपये) बरामद हुए। इस प्रकार कुल 55 जाली नोट बरामद किए गए। इस संबंध में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 182/26 धारा 178/179/180/181 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस टीम में निरीक्षक शरद गुप्ता, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव (चौकी प्रभारी अलूमील), उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह (चौकी प्रभारी भूपौली), उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता (चौरी प्रभारी लौदा), कांस्टेबल आकाश सिंह, राहुल खरवार व प्रवेश सिंह शामिल रहे। वहीं स्वाट टीम में प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, हेड कांस्टेबल राणाप्रताप सिंह, अरविन्द भारद्वाज, रामानन्द यादव एवं आशुतोष सिंह शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!