ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : नौगढ़ में पिकअप और ई-रिक्शा की टक्कर, 14 घायल, मची चीखपुकार

संवाददाता : बाबू चौहान

चंदौली। नौगढ़ क्षेत्र के नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर शनिवार को भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन पलट गए। इसमें करीब 14 लोग घायल हो गए। घटना के बाद चीखपुकार मच गई। घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना के बाद सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने घायलों का हाल जाना। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा सवारियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही पिकअप ने संतुलन खो दिया और टोटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्री सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद पिकअप भी पलट गई।

 

हादसे में 10 वर्षीय अनीता, 45 वर्षीय मुनाकी, 18 वर्षीय प्यासी, 45 वर्षीय ऊषा, 60 वर्षीय बलवंती, 40 वर्षीय अमली, 42 वर्षीय गुड्डी, गिरजा, मीरा और रंजन सहित अन्य घायल हो गए। सभी को तत्काल नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं कुछ घायलों को सोनभद्र जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

 

घटना की सूचना के बाद नौगढ़ एसडीएम विकास मित्तल, सीओ नामेंद्र कुमार रावत मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटना के बाद जानकारी ली। वहीं घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। नौगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!