
चंदौली। पीडीडीयू नगर मैनाताली से गल्ला मंडी जाने वाले मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्माण में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया और काम को तत्काल रुकवा दिया। सभासद के हस्तक्षेप के बाद लोग शांत हुए।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उनका कहना था कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है, जिससे सड़क जल्द ही खराब होने की आशंका है। इसी को लेकर आक्रोशित लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई।

स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए निर्माण कार्य कर रहा ठेकेदार काम छोड़कर मौके से चला गया। सूचना मिलने पर मैनाताली क्षेत्र के सभासद राजेश जायसवाल तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
सभासद ने नागरिकों को आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह तय मानकों के अनुसार ही कराया जाएगा और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात कर जांच कराई जाएगी और यदि कहीं गड़बड़ी पाई गई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
सभासद के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि, नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न हो और क्षेत्र को टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके।

