
चंदौली। दिल्ली के उत्तम नगर में तरुण खटीक की हत्या के विरोध में डीडीयू नगर में फल-सब्जी विक्रेता व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में खटिक समाज के लोगों ने शोक सभा आयोजित की। सोनकर समाज, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने शोक सभा में भाग लेकर घटना के प्रति गहरा आक्रोश जताया। वहीं त्वरित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।
सभा के दौरान लोगों ने मृतक तरुण खटीक को श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि होली के दिन रंग का छींटा पड़ने जैसे मामूली विवाद को लेकर इस तरह की निर्मम हत्या होना बेहद दुखद और चिंताजनक है। इससे समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सभा में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई गई, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक और सामाजिक सहारा मिल सके।
फल-सब्जी विक्रेता व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष चौधरी नरायण प्रसाद सोनकर ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद सुनिश्चित की जाए।
सब्जी मंडी व्यवसायी अशोक सोनकर ने भी घटना पर गहरी चिंता जताई और कहा कि छोटे-छोटे विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना समाज के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग और समाज के लोग मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
सभा में मौजूद लोगों ने हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे इससे भी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान विशाल सोनकर, अवधेश सोनकर, सचिन सोनकर, राम सिंह सोनकर, कल्लू सोनकर, रवि सोनकर, विशु, बिट्टू सोनकर, अमन सोनकर और गोरख विकास सहित कई लोग उपस्थित रहे।

