ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में बाढ़ से हाहाकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नहीं दिया ध्यान तो जलशक्ति मंत्री से लगाई गुहार

चंदौली। जिले में चंद्रप्रभा और गड़ई नदियों की बाढ़ से हाहाकार मचा है। किसानों की हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। इसको लेकर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिले के किसानों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव से लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान जिले की स्थिति से अवगत कराया। वहीं प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की।

 

किसानों ने बताया कि बाढ़ के कारण जिले की हज़ारों एकड़ धान की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई है। न केवल फसल नष्ट हुई है बल्कि कई क्षेत्रों में जन-धन की भी भारी क्षति हुई है। इस संदर्भ में किसानों ने मंत्री से गुहार लगाई कि प्रभावित किसानों को उचित मुआवज़ा दिया जाए और भविष्य में इस प्रकार की आपदा से बचने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।

 

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से यह भी मांग की कि गड़ई और चंद्रप्रभा नदियों की पूरी तरह से खुदाई एवं मरम्मत कराई जाए। साथ ही उन दोनों नदियों से जुड़े दो दर्जन से अधिक नालों की भी खुदाई की आवश्यकता है, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। किसानों का कहना था कि यदि समय रहते नालों और नदियों की मरम्मत और सफाई की जाती तो फसलों को इस हद तक नुकसान न झेलना पड़ता।

 

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने जिलाधिकारी चंदौली और चीफ इंजीनियर सोन से तत्काल वार्ता कर बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवज़ा दिए जाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को आदेश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन शीघ्र पूरा किया जाए और किसानों को राहत प्रदान की जाए।

 

इसके अलावा मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी कार्ययोजना के अंतर्गत गड़ई और चंद्रप्रभा नदियों की हेड से टेल तक खुदाई कराई जाएगी। साथ ही नालों की सफाई और मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में किसानों की फसलें बाढ़ से सुरक्षित रह सकें।

 

Back to top button
error: Content is protected !!