
चंदौली। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। बोले, जनपद के लिए सबसे बड़ी चुनौती क्रास बार्डर क्राइम के कंट्रोल पर पूरा फोकस होगा। वहीं कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मनबढ़ और दबंग किस्म के लोग रडार पर होंगे।
एसपी ने कहा कि चंदौली सीमावर्ती जिला है। ऐसे में यहां क्रास बार्डर क्राइम और तस्करी सबसे बड़ी चुनौती है। इस पर कंट्रोल करने पर पूरा फोकस किया जाएगा। इसके अलावा जिले में कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनने वाले दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल को पेशेवर और अनुशासन बना रहे, इस दिशा में काम किया जाएगा, ताकि समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा सके और लोगों का भरोसा पुलिस पर बढ़े। उन्होंने कहा कि जिले की जो भी समस्याएं होंगी, उनका रणनीति बनाकर निस्तारण किया जाएगा।

