ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : ऑपरेशन में लापरवाही, महिला की मौत, शव के साथ अस्पताल पहुंचे परिजन, किया हंगामा

चंदौली। धानापुर स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही से महिला की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने चिकित्सक पर गलत तरीके से ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए शव के साथ अस्पताल में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी रही।

 

परिजनों के अनुसार धानापुर क्षेत्र के नरौली गांव स्थित एबी अस्पताल में लगभग डेढ़ महीने पहले नरौली निवासी 50 वर्षीय गुजराती देवी का पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। जब परिजनों ने डॉक्टर से संपर्क किया, तो उन्हें गैस की समस्या बताई गई।

 

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें वाराणसी के एक अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने एमआरआई कराने की सलाह दी। एमआरआई रिपोर्ट में पेट में गलत ऑपरेशन की पुष्टि हुई, जिससे परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने धानापुर के डॉक्टर से दोबारा संपर्क किया, लेकिन डॉक्टर द्वारा टालमटोल किया जाने लगा। शुक्रवार की भोर में गुजराती देवी का निधन हो गया।

 

मृतक महिला के पति हृदय यादव का आरोप है कि डॉक्टर ने पथरी का ऑपरेशन करते समय नस काट दी थी। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ अस्पताल पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

 

Back to top button