ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : मंडलायुक्त के निरीक्षण में उजागर हुई लापरवाही, लगाई फटकार, एसडीएम को स्पष्टीकरण और नाजिर को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का निर्देश

चंदौली। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शनिवार को कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान कई विभागों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के न्यायालय, नजारत अनुभाग, अभिलेखागार और भूलेख विभाग समेत कई महत्वपूर्ण पटलों का बारीकी से जायजा लिया। नजारत अनुभाग में पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों की जीपीएफ पासबुक अपडेट नहीं पाई गई। इसके अलावा वर्ष 2024 के बाद कर्मचारियों के सेवा सत्यापन में भी लापरवाही सामने आई, जिसे मंडलायुक्त ने गंभीरता से लिया।

इन खामियों पर उन्होंने उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट (ओसी) से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। साथ ही नजीर आशीष सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश भी जारी किया गया। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान भूलेख, नकल और नक्शा पटल पर भी अनियमितताएं मिलीं। आवेदनों के निस्तारण में देरी और रिकॉर्ड के समुचित रखरखाव की कमी सामने आई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदनकर्ताओं का नाम और मोबाइल नंबर रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

 

इसके अलावा बस्ता सूची में आवश्यक प्रविष्टियां न होने और भूलेख अनुभाग में वर्ष 2024 के बाद पासबुक सत्यापन न किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। मंडलायुक्त ने प्रभारी अधिकारी को रोस्टर के अनुसार नियमित निरीक्षण करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

 

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप जिलाधिकारी विजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!