
चंदौली। आदर्श नगर पंचायत चकिया के शिक्षक परिवार से आने वाले मेधावी छात्र मृत्युंजय गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में 726 वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से चकिया सहित पूरे जनपद में गर्व और खुशी का माहौल है।
मृत्युंजय गुप्ता बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक शैलेश गुप्ता के पुत्र हैं। शैलेश गुप्ता वर्तमान में मुजफ्फरपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं तथा पूर्व में एबीआरसी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पिता गिरजा गुप्ता भी शिक्षक रहे हैं। शिक्षा और संस्कारों से समृद्ध इस परिवार की तीसरी पीढ़ी ने अब देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाकर नई मिसाल कायम की है।
मृत्युंजय बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत के बल पर देश की कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड उत्तीर्ण कर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली में कंप्यूटर साइंस से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और देश व समाज के लिए काम करने की ठान ली।
दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कठिन परिश्रम के दम पर मृत्युंजय ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर ली। उनकी इस उपलब्धि से बेसिक शिक्षा परिवार भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
मृत्युंजय की सफलता पर उनकी माता रेखा गुप्ता ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे ने बचपन से ही पढ़ाई को लेकर गंभीरता दिखाई और हमेशा अनुशासन के साथ मेहनत की। उन्होंने कहा कि परिवार को हमेशा विश्वास था कि वह जीवन में कुछ बड़ा जरूर करेगा। यह सफलता उसके परिश्रम और भगवान के आशीर्वाद का परिणाम है।
मृत्युंजय की सफलता पर नगर पंचायत चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता, सभासद ज्योति गुप्ता, बादल सोनकर, उमाशंकर गुप्ता, शिक्षक राजेश पटेल, बृजेश मौर्या, मंडल अध्यक्ष आशु गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राजन गुप्ता, प्रशांत कुमार, वेद प्रकाश गुप्ता, कमलेश गुप्ता, रमेश गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता, सुदर्शन गुप्ता , रुद्र प्रकाश गुप्ता सहित अनेक लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

