ख़बरेंचंदौली

Chandauli News :  पुत्रों की लंबी आयु के लिए माताओं ने रखा व्रत, जीवितपुत्रिका पूजा के दौरान कर्मनाशा में डूब गईं दो संतानें, पुलिस खोजबीन में जुटी

चंदौली। पुत्रों की लंबी आयु के लिए रविवार को जीवितपुत्रिका का कठिन व्रत रखकर पूजा करने पहुंची माताओं पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कंदवा थाना के चारी गांव के समीप पूजा के दौरान कर्मनाशा नदी में एक किशोर और एक बालक डूब गए। घटना के बाद कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से बच्चों को ढूंढने में जुटी रही।

 

चारी गांव की महिलाएं जीवितपुत्रिका की पूजा करने के लिए रविवार की शाम कर्मनाशा नदी के तट पर गई थीं। महिलाएं पूजा कर रही थी। उसी दौरान दोनों बच्चे वहां पहुंचे और नदी में नहाने लगे। पानी के तेज बहाव के चलते दोनों डूब गए। बच्चों के दादा धर्मेंद्र ने बताया कि एक किशोर की आयु 14-15 वर्ष और दूसरे की आयु लगभग 10 साल रही होगी।

 

घटना के बाद घाट पर मौजूद 15-20 की संख्या में ग्रामीण नदी में कूदे और बच्चों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव और शाम के वक्त अंधेरा होने की वजह से उनका कहीं अता-पता नहीं चला। घटना के बाद महिलाओं में कोहराम मच गया। पूजा करने गईं माताएं दहाड़े मारकर रोने लगीं। इससे माहौल गमगीन हो गया। सूचना के बाद कंदवा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों को ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। रात के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!