ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में मिशन शक्ति-5.0 की शुरुआत, सीओ सकलडीहा के नेतृत्व में निकली महिला सुरक्षा व सशक्तीकरण जागरुकता रैली

चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से 20 सितम्बर को प्रदेशव्यापी मिशन शक्ति-5.0 चरण का वर्चुअल शुभारंभ किए जाने के बाद रविवार को जिले में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान शुरू हुआ। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने पुलिस लाइन से महिला बीट पुलिस व थानाध्यक्षों द्वारा संचालित स्कूटी-बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली “महिला सशक्तिकरण जागरुकता अभियान” का हिस्सा रही, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है।

 

मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एन्टी रोमियो टीम गांव-गांव जाकर चौपाल और पुलिस की पाठशाला  के जरिए महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करें। यह टीम बस अड्डों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, स्कूल-कॉलेज और कस्बाई इलाकों में नियमित गश्त कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। वहीं, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 181, 112, 1076, 108 और 1098 के बारे में भी जानकारी दी जाएगी, ताकि महिलाएं जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद ले सकें।

 

अभियान का विशेष फोकस नवरात्रि पर्व पर रखा गया है। 22 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें बालिकाओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रमों में बाल अधिकार, घरेलू हिंसा, यौन शोषण, छेड़छाड़ और गुड-टच, बैड-टच जैसे संवेदनशील विषयों पर बच्चों को जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानाध्यापक और शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में रैलियां, संवाद कार्यक्रम और रोचक गतिविधियां आयोजित करेंगे, जिससे बच्चों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी मिले और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खतरों से अवगत कराया जा सके।

 

भारतीय संस्कृति में मां दुर्गा को शक्ति का प्रतीक मानते हुए मिशन शक्ति-5.0 को उसी भाव से जोड़ा गया है। इस अभियान का लक्ष्य है कि समाज की आधी आबादी यानी बेटियां न केवल सुरक्षित रहें बल्कि आत्मविश्वास और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ें।

Back to top button