
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर कस्बा स्थित शेरपुर सरैया मौजा में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अराजक तत्वों ने एक किसान की मड़ई में आग लगा दी। इससे घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं बकरी का बच्चा भी झुलस गया। पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है।

सवरू पासवान अपने खेत पर मड़ई बनाकर मवेशियों के साथ रहकर खेती की रखवाली करता था। आरोप है कि गांव के ही कुछ अराजक तत्वों ने दिनदहाड़े मड़ई में आग लगा दी। आग लगते ही मड़हा धू-धू कर जलने लगा। परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मड़हे में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया और एक बकरी का बच्चा गंभीर रूप से झुलसकर अधमरा हो गया।
घटना की सूचना पीड़ित ने 112 पीआरबी को दी और बलुआ थाने में लिखित तहरीर सौंपकर न्याय की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को तत्काल सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की है।

